25 Dec 2025
नई दिल्ली, 25 दिसंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। राजधानी दिल्ली में खाद्य सुरक्षा और सामाजिक कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और ज्यादा मजबूत करते हुए दिल्ली के स्वास्थ्य, परिवहन और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने आज विकासपुरी के JJC इंदिरा कैंप-3 में अटल कैंटीन का उद्घाटन किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र में तीन अटल कैंटीन स्थापित किए जा रहे है, जिससे इस पूरे इलाके में रहने वाले लोगों को किफायती दाम पर स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण खाने तक पहुंच और ज्यादा मजबूत होगी। यह पहल दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली हमारी सरकार की उस अहम योजना का हिस्सा है, जिसके तहत पूरी दिल्ली में 100 अटल कैंटीन शुरुआत कर हर दिन जरूरतमंद लोगों को दिन में दो बार सिर्फ पांच रुपए में पौष्टिक खाना मिलेगा।
इस विशेष योजना का शुभारंभ भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के खास मौके पर हो रहा है, जिनके सम्मान में ही इस योजना का नाम अटल कैंटीन रखा गया है। दिल्ली में खोले गए हर अटल कैंटीन में रोजाना पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर 1000 प्लेट खाना मिलेगा, जो हर दिन दो शिफ्टों में दोपहर के 12 बजे से लेकर 2 बजे तक और शाम को 6 बजे से लेकर रात के 8 बजे तक चलेगी। खाने के मेनू में मौसमी सब्जियां, चावल/बाजरा, रोटी, दाल और अचार शामिल हैं, ताकि गरीब लोगों को भी पौष्टिक, किफायती और स्वच्छ खाना मिल सके।
अटल कैंटीन के उद्घाटन के अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि अटल कैंटीन हमारे सरकार की समावेशी विकास और जन-कल्याणकारी सोच की भावना को दर्शाती है। अटल जी की जयंती पर हमारी सरकार ने यह सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है कि राजधानी में रहने वाले भाइयों, बहनों, माताओं और परिवारों को पूरे सम्मान के साथ भरपेट और बेहतर क्वालिटी का खाना मिल सके।
स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने विकासपुरी की जनता से मिले अपार जन समर्थन की भूमिका के महत्व को बताते हुए कहा कि आप लोगों के प्यार और भरोसे के चलते ही मुझे चुनाव में विजय हासिल हुई है और मुझे आपकी सेवा करने की अहम ज़िम्मेदारी मिली है। दिल्ली के लोगों द्वारा मेरे ऊपर जताए गए इस भरोसे और समर्थन का मैं दिल से सम्मान करता हूं और दिन-रात एक करके विकास के काम करने में जुटा हूं।
डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने बताया कि अटल कैंटीन हर दिन दोपहर और शाम के समय खुली रहेगी, जिससे जरूरतमंद खासकर महिलाएं, बुजुर्ग और दिहाड़ी मजदूर सम्मानजनक और अच्छे माहौल में एक साथ खाना खा सकेंगे। कैंटीन का माहौल बेहद खुशनुमा और लोगों को आत्म संतुष्टि देने वाला है। हमारी सरकार के इस पहल की महिलाएं खास तौर से तारीफ कर रही हैं। उन्होंने लोगों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए अटल कैंटीन में लोगों के साथ कैंटीन में बैठकर खाना भी खाया और कुछ महिलाओं से बातचीत करके अपने सरकार के इस पहल पर सीधा फीडबैक भी लिया। वहां उपस्थित जनता ने खुलकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार के इस पहल को सराहा और उन्हें समर्थन दिया।