10 Mar 2026
गुवाहाटी, 10 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को गुवाहाटी के सोनापुर में लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक विज्ञान नगरी का उद्घाटन किया। इस परियोजना का उद्देश्य छात्रों और युवाओं को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े प्रयोगों और आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है। इसे पूर्वोत्तर भारत में विज्ञान शिक्षा को नई दिशा देने की एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में विज्ञान शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक और कदम उठाते हुए नगांव, बंगाईगांव, माजुली, कछार और कामरूप जिलों में स्थापित जिला विज्ञान नगरों का भी वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर बताया कि हरे-भरे पहाड़ी क्षेत्र के बीच करीब 250 बिघा भूमि पर बने इस विज्ञान परिसर को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक प्रयोगों के प्रदर्शन के लिए विकसित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों के भीतर विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और रुचि को बढ़ाना है, ताकि वे नई खोजों और तकनीकी नवाचारों के लिए प्रेरित हो सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में विज्ञान शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना की है, लेकिन छात्रों के बीच विज्ञान के प्रति अपेक्षित उत्साह नहीं दिखाई दे रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए इस तरह के आधुनिक विज्ञान केंद्र विकसित किए जा रहे हैं, ताकि विज्ञान शिक्षा को अधिक रोचक और आकर्षक बनाया जा सके। मुख्यमंत्री ने छात्रों और युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे विज्ञान नगरी का दौरा कर विज्ञान और तकनीक से जुड़े इस अनूठे अनुभव का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि यहां छात्रों को बहुत ही कम कीमत के टिकट पर प्रवेश की सुविधा दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। मुख्यमंत्री सरमा ने जानकारी दी कि विज्ञान नगरी में ‘युरेका’ और ‘स्पेस ओडिसी’ शीर्षक से दो विशेष अनुभाग तैयार किए गए हैं, जहां विभिन्न आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक आधारित प्रदर्शनियां और अनुभव उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा भविष्य में यहां ‘साइंस इनोवेशन’ और ‘साइंस पार्क’ नामक दो नई शाखाएं भी जोड़ी जाएंगी। उल्लेखनीय है कि यह विज्ञान नगरी कुल सात अलग-अलग विभागों में विभाजित है, जिनमें विज्ञान और प्रौद्योगिकी के नवीनतम पहलुओं को शामिल किया गया है। यहां इंटरैक्टिव प्रदर्शनियों और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से छात्रों और आम लोगों को विज्ञान को समझने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान एक विशेष वर्चुअल रियलिटी प्रस्तुति भी तैयार की गई है, जिसमें महान अहोम सेनापति लचित बोरफुकन द्वारा मुगलों के खिलाफ लड़ी गई ऐतिहासिक लड़ाई और उनकी विजय को आधुनिक तकनीक के माध्यम से दर्शाया जाएगा। इससे दर्शकों को इतिहास और विज्ञान का अनूठा संगम देखने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर राज्य के मंत्री केशव महंत सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।