18 Feb 2026
डायमंड हार्बर, 18 फरवरी (हि.स.)। डायमंड हार्बर थाना पुलिस ने छात्राओं को कुप्रस्ताव देने, लगातार अश्लील संदेश भेजने और यौन उत्पीड़न के आरोप में एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार रविकांत बल्लभ डायमंड हार्बर के एक निजी विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य विज्ञान विभाग में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत थे। बुधवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा, पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। मंगलवार सुबह से ही आरोपित शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन शुरू हो गया। आरोपित के क्वार्टर के सामने भी प्रदर्शन किया गया। बाद में पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस को भी घेरकर विरोध प्रदर्शन किया गया। लगभग पांच घंटे तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रहने के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर थाने ले गई। प्रदर्शनकारी छात्राओं का आरोप है कि आरोपित विभिन्न समय पर संदेश भेजकर कुप्रस्ताव देता था। वह अशोभनीय टिप्पणियां करता था और प्रैक्टिकल कक्षा या परीक्षा से पहले मदद के नाम पर यौन उत्पीड़न करता था। गत शुक्रवार दोपहर विश्वविद्यालय प्रबंधन को लिखित शिकायत सौंपी गई थी। लेकिन उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने से आक्रोश बढ़ता गया। सोमवार दोपहर विश्वविद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन हुआ। मंगलवार सुबह परिसर के क्वार्टर के पास आरोपित को हाफ पैंट और सैंडो बनियान पहनकर घूमते हुए देखने पर छात्रों का गुस्सा चरम पर पहुंच गया। सुबह नौ बजे मुख्य द्वार को अवरुद्ध कर प्रदर्शन शुरू किया गया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने के लगभग पांच घंटे बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद छात्राओं ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। विश्वविद्यालय के सरिषा परिसर के सह-सभापति सुभाष मुखोपाध्याय ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) की बैठक कर आरोपित को बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया था। हालांकि, वह निर्णय लागू होने से पहले ही प्रदर्शन शुरू हो गया। डायमंड हार्बर पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक बिशप सरकार ने कहा कि छात्राओं की शिकायत के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।