27 Feb 2026
नई दिल्ली, 27 फ़रवरी (हि.स.)। पटियाला हाउस कोर्ट ने शिक्षा मंत्रालय के सामने प्रदर्शन करने के मामले में गिरफ्तार जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के 14 छात्रों को जमानत दे दी है। कोर्ट ने सभी 14 छात्रों को 25-25 हजार के मुचलके पर जमानत देने का आदेश दिया। दिल्ली पुलिस ने इन छात्रों को 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था और शुक्रवार काे पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। दिल्ली पुलिस ने इन छात्रों की न्यायिक हिरासत की मांग की थी। दिल्ली पुलिस ने कहा कि छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। दिल्ली पुलिस का कहना था कि अगर इन छात्रों को जमानत दी गयी तो ये फिर से हिंसा कर सकते हैं। इस मामले में अभी जांच चल रही है। पुलिस के मुताबिक करीब 300 प्रदर्शनकारियों ने जेएनयू कैंपस से शिक्षा मंत्रालय तक मार्च का आयाेजन किया था लेकिन इसके लिए जरुरी अनुमति नहीं ली गई थी। दिल्ली पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे जिसके बाद इन छात्रों ने पुलिस से साथ धक्कामुक्की की जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक ये प्रदर्शन शांतिपूर्ण नहीं था। दिल्ली पुलिस ने कहा कि इनमें से कई छात्र पहले भी प्रदर्शनों में शामिल हुए हैं और उन्होंने बल प्रयोग भी किया था। पेशी के दौरान छात्रों के वकील ने कहा कि आरोपित छात्र इस मामले में जांच में सहयोग करना चाहते हैं और वे इस संबंध में कोर्ट को लिखित अंडरटेकिंग देना चाहते हैं। उसके बाद कोर्ट ने सभी छात्रों को 25-25 हजार के मुचलके पर जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया।