21 Apr 2026
सवाई माधोपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। चीता केपी2 एक बार फिर रणथंभौर टाइगर रिजर्व क्षेत्र में पहुंच गया, जिससे सोमवार शाम को शहर के नजदीकी इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। यह चीता सवाई माधोपुर नगर परिषद क्षेत्र के श्याम वाटिका इलाके में करीब 11 घंटे तक रुका रहा और इस दौरान एक बकरी का शिकार भी किया। वन विभाग के अनुसार चीता सोमवार शाम को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और जीनापुर के पास श्याम वाटिका क्षेत्र में देखा गया। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरी रात उसकी निगरानी की गई। मंगलवार सुबह करीब छह बजे चीता वापस जंगल की ओर लौट गया। फिलहाल उसका मूवमेंट रणथंभौर के जोन नंबर आठ में दर्ज किया जा रहा है। डीएफओ मानस सिंह के मुताबिक, यह चीता कूनो नेशनल पार्क से निकलकर पहले फलौदी रेंज होते हुए रणथंभौर पहुंचा था। शुरुआत में उसका मूवमेंट जोन नौ में देखा गया, लेकिन अब वह जोन आठ में सक्रिय है। रणथंभौर का जोन आठ (बाला क्षेत्र) अपेक्षाकृत शांत और प्राकृतिक दृष्टि से समृद्ध इलाका है, लेकिन यहां पहले से कई टाइग्रेस टी-108, टी-2310 और टी-2403 की टेरिटरी है। इसके अलावा लेपर्ड की मौजूदगी भी चीते के लिए खतरा बनी हुई है। वन विभाग के अनुसार बड़े शिकारी जानवरों की उपस्थिति के चलते चीते की सुरक्षा चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। चीते की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की तीन टीमें 24 घंटे मॉनिटरिंग कर रही हैं। साथ ही कूनो नेशनल पार्क की टीम के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों और शहरवासियों से सतर्क रहने और जंगल क्षेत्र के पास अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।