06 Feb 2026
चेन्नई, 06 फ़रवरी (हि.स.)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने शुक्रवार को सामाजिक और आर्थिक चिंतक कार्ल मार्क्स की प्रतिमा का अनावरण किया। यह प्रतिमा चेन्नई के एग्मोर स्थित कन्निमारा सार्वजनिक पुस्तकालय और संग्रहालय परिसर में स्थापित की गई है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से आज बयान में बताया कि मुख्यमंत्री स्टालिन ने चेन्नई के एग्मोर स्थित कन्निमारा सार्वजनिक पुस्तकालय और संग्रहालय परिसर में स्थापित विचारक कार्ल मार्क्स की प्रतिमा का अनावरण किया। इस प्रतिमा पर 85 लाख रुपये की लागत आयी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कार्ल मार्क्स पर आधारित विशेष फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कार्ल मार्क्स की प्रतिमा के सामने गठबंधन दलों के नेताओं के साथ मिलकर “कार्ल मार्क्स को वीर वंदन” का नारा लगाया। कार्यक्रम में मंत्री सुब्रमणियन, शेखर बाबू, मेयर प्रिया सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में गठबंधन दलों के नेता–सेल्वपेरुंथगै, वाइको, वीरपांडियन आदि ने भाग लिया। गौरतलब है कि सामाजिक, आर्थिक चिंतक और विचारक कार्ल मार्क्स के आर्थिक सिद्धांतों को आम जनता तक पहुँचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्टालिन ने तीन मार्च 2025 को विधान सभा में नियम संख्या 110 के तहत यह घोषणा की थी कि चेन्नई में कार्ल मार्क्स की एक नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी।