18 Feb 2026
प्रयागराज, 18 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में बारा थाने के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सोनकर को 75 हजार घूस लेते बुधवार को गिरफ्तार किया। यह जानकारी भ्रष्टाचार निवारण संगठन थाना प्रयागराज के प्रभारी रविंद्र कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र के वीरमपुर लुकमनपुर गांव निवासी संतोष कुमार दुबे ने इस संबंध में 17 फरवरी को भ्रष्टाचार निवारण संगठन इकाई प्रयागराज में शिकायत किया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके खिलाफ प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट के बारा थाने में दर्ज मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के लिए बारा थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सोनकर पुत्र स्वर्गीय राजकुमार सोनकर 75 हजार रुपये की मांग किया है। इस शिकायत पर 18 फरवरी को भ्रष्टाचार निवारण संगठन प्रयागराज इकाई की 15 सदस्यीय टीम निरीक्षक मृत्युंजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में बारा थाना प्रभारी निरीक्षक कार्यालय पीड़ित के साथ पहुंची। शिकायत कर्ता से 75 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस संबंध में आरोपित विनोद कुमार सोनकर के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। विनोद सोमनकर वाराणसी जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र के रसूलगढ़ गांव के मूल निवासी हैं।