14 Feb 2026
उदयपुर, 14 फ़रवरी (हि.स.)। उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र में शुक्रवार देर रात आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने मंदिर में चोरी करने के बाद एक घर में घुसकर लूट का प्रयास किया। वारदात में बुजुर्ग दंपती पर सरियों से हमला किया गया, लेकिन घायल होने के बावजूद वृद्ध गृहस्वामी लठ लेकर बदमाशों के पीछे दौड़ पड़ा। इस दौरान एक लुटेरे का मोबाइल मौके पर गिर गया, जो अब पुलिस के लिए अहम सुराग बन गया है। घटना गोगुंदा थाना क्षेत्र के डुलावतों का गुड़ा गांव की है। जानकारी के अनुसार, नकाबपोश बदमाश शुक्रवार रात करीब 1 बजे गांव पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने एक मंदिर को निशाना बनाया, जहां से करीब 20 से 25 हजार रुपये नकद और दो तलवारें चोरी कर लीं। इसके बाद वे किशन सिंह के घर की दीवार फांदकर और छत के रास्ते भीतर घुस गए। उस समय घर में किशन सिंह, उनकी पत्नी और बेटा मौजूद थे। बदमाशों ने कमरों में रखी पेटियों और अलमारियों के ताले तोड़ने शुरू किए। आवाज सुनकर दंपती की नींद खुली और उन्होंने शोर मचाया। इस पर बदमाशों ने सरियों से हमला कर दोनों को घायल कर दिया। इसके बावजूद किशन सिंह ने हिम्मत नहीं हारी और लहूलुहान हालत में लठ उठाकर बदमाशों के पीछे दौड़ पड़े। शोर सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए तो बदमाश जंगल की ओर भाग निकले। अफरातफरी में एक आरोपित का मोबाइल गिर गया। वारदात के बाद किशन सिंह ग्रामीणों के साथ गोगुंदा थाने पहुंचे। थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि मामला दर्ज कर मोबाइल की डिटेल के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले खेजड़िया खेत इलाके में भी वृद्ध दंपती के साथ लूट की बड़ी वारदात हुई थी।