11 Feb 2026
अजमेर, 11 फरवरी (हि.स.)। जिला कलेक्टर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी का ई मेल एक बार फिर अजमेर जिला कलक्टर लोक बंधु के आधिकारिक मेल आई डी पर मिला। लिखा था कि कलेक्ट्रेट के दूसरी मंजिल पर सल्फर नाइट्रेट वाले आईडी लगाए गए हैं, इन्हें 11 बजकर 50 मिनट पर ब्लास्ट कर दिया जाएगा। यह बाद अलग है कि यह धमकी फर्जी अफवाह ही साबित हुई जैसा कि पहले भी दो बार हो चुका है। जिला पुलिस प्रशासन पूर्व में मिली दो बार की धमकियों के मामले में भी एफआईआर दर्ज कर अनुंसधान में जुटी है किन्तु धमकी भरे मेल भेजने वाले का अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। नवीन घटनाक्रम में बुधवार को कलेक्टर लोक बंधु द्वारा ई मेल से मिली धमकी की सूचना सभी सुरक्षा एजेंसियों को साझा करते ही कलक्ट्रेट में सभी सुरक्षा और सतर्कता एजेंसियां सक्रिय हो गईं। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड, एटीएस, सीआईडी सीबी, आईबी, साइबर ब्रांच, अभय कमांड सेंटर सहित अन्य जांच एजेंसियां व अधिकारी काम में जुट गए। कलेक्ट्रेट परिसर को कम से कम समय में खाली कराया गया। इस दौरान प्रशासनिक गलियारे में दहशत और हलचल मच गई। अजमेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने मीडिया के सामने आकर इस बात की पुष्टि की है कि कलेक्टर की अधिकृत ई मेल साइट पर फिर से एक मेल प्राप्त हुआ है जो पिछले वाले से भिन्न है किन्तु कलेक्ट्रेट का बम से उड़ाने की धमकी भरा है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत इसे गंभीरता से लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच में कुछ नहीं मिला है। पूर्व में जांच भी की गई थी किन्तु इस बार और भी सघन व गहन जांच की गई है। कलेक्ट्रेट के सभी कमरों को खाली कराया गया है, पार्किंग, मीटिंग हॉल व अन्य स्थानों की बारीकी से जांच गई है। सभी कामकाज कुछ समय के लिए रुक गया है। डॉग स्क्वायड एवं मेटल डिटेक्टर व बम जांच यंत्रों से गहन जांच की गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा ने कहा कि इस मामले में अभी जांच जारी है। वैसे अभी तक कुछ मिला नहीं है। फिर भी पुलिस व जांच एजेंसियां अपने कार्य में लगी हुई है। इस मामले में भी मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी और धमकी भरे ई मेल करने वाले तक शीघ्रता से पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।