04 Jan 2026
नई दिल्ली (4 जनवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार एक महत्वपूर्ण पब्लिक हेल्थ इनिशिएटिव के तहत राजधानी में इंसानों में होने वाले रेबीज को महामारी रोग अधिनियम के तहत नोटिफ़ाएबल डिज़ीज (Notifiable Disease) घोषित करने की अधिसूचना जारी करने जा रही है। दिल्ली सरकार के इस नोटिफिकेशन का मकसद बीमारी की प्रभावी निगरानी को और मजबूत करना, रेबीज के मामलों की समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करना और रेबीज को फैलने से रोकने के लिए तेज गति से पब्लिक हेल्थ एक्शन को बेहद सक्षम बनाना है।
नोटिफिकेशन जारी होने पर सभी सरकारी और प्राइवेट हेल्थ केयर संस्थानों, जिनमें मेडिकल कॉलेज और व्यक्तिगत रूप से प्रैक्टिस करने वाले डॉक्टर भी शामिल हैं, उन्हें इंसानों में रेबीज के संदिग्ध के साथ ही संभावित और कन्फर्म मामलों की सूचना तुरंत संबंधित हेल्थ अथॉरिटीज को देनी जरूरी होगी। रेबीज, जिसके एक बार लक्षण दिखने के बाद यह लगभग जानलेवा साबित होता है, लेकिन समय रहते सही इलाज से इसे पूरी तरह से रोका जा सकता है। रेबीज से जान बचाने और बीमारी को आगे फैलने से रोकने में शुरुआती रिपोर्टिंग सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
पूरी दिल्ली में आसानी से लोगों को इलाज मिल सके, इसके लिए फिलहाल दिल्ली के 11 जिलों में स्थित 59 स्वास्थ्य संस्थानों में एंटी-रेबीज वैक्सीन (ARV) उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि एंटी-रेबीज सीरम/रैबीज़ इम्यूनोग्लोब्युलिन (RIG) राजधानी दिल्ली के 33 चिह्नित हेल्थ फैसिलिटी एवं अस्पतालों में भी उपलब्ध है। दिल्ली सरकार से मिलने वाली ये सुविधाएं रेबीज की रोकथाम और हेल्थ सिस्टम के इंफ्रास्ट्रक्चर की सबसे मजबूत कड़ी हैं।
दिल्ली सरकार स्थानीय निकायों, पशुपालन विभाग और अन्य संबंधित स्टेकहोल्डर्स के साथ मिलकर रेबीज़ खत्म करने के लिए स्टेट एक्शन प्लान (State Action Plan for Rabies Elimination – SAPRE) को भी तैयार करने की अंतिम प्रक्रिया में है, जो रेबीज को नोटिफ़ाएबल बीमारी घोषित करना, कुत्तों से फैलने वाले रेबीज से इंसानों की मौत के आंकड़े को शून्य करने के लक्ष्य को पाने की दिशा में एक अहम कदम है। दिल्ली सरकार इंसानों के साथ-साथ कुत्तों और दूसरे जानवरों के लिए भी रेबीज वैक्सीनेशन की सुविधाओं को और ज्यादा मजबूत कर रही है। इस अनिवार्य नोटिफिकेशन से अधिकारियों को रेबीज की बीमारी के ट्रेंड्स को ट्रैक करने, इंसानों और जानवरों के हेल्थ सिस्टम के बीच कोऑर्डिनेशन बेहतर बनाने और ज़्यादा जोखिम वाले इलाकों में टारगेटेड रोकथाम के उपाय लागू करने में मदद मिलेगी।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि रेबीज एक रोकी जा सकने वाली बीमारी है। हमें रेबीज से होने वाली कोई भी मौत स्वीकार्य नहीं है। इंसानों में रेबीज को नोटिफ़ाएबल बीमारी घोषित करने से सर्विलांस और ज्यादा मज़बूत होगा, बीमारी के जल्दी से पता लगाने में सुधार के साथ समय पर इलाज सुनिश्चित होगा। यह राजधानी दिल्ली में रेबीज से इंसानों की मौत को शून्य करने के हमारी सरकार के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मंत्री ने कहा कि नोटिफिकेशन जारी होने के तुरंत बाद प्रभावी हो जाएगा और अगले आदेश तक लागू रहेगा। रिपोर्टिंग और कोऑर्डिनेशन के लिए विस्तृत गाइडलाइंस सभी संबंधित विभागों और स्वास्थ्य संस्थानों के साथ बहुत जल्द साझा किये जाएंगे।