15 Mar 2026
रायपुर, 15 मार्च (हि.स.)। बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रविवार अलसुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। यात्रियों से खचाखच भरी एक स्लीपर बस सड़क किनारे खड़े लकड़ी से लदे माजदा वाहन से जा भिड़ी। इस भीषण टक्कर में बस चालक और परिचालक सहित आठ से अधिक यात्री घायल हो गए। पुरूर थाना पुलिस ने बताया है कि रॉयल कंपनी की स्लीपर बस सुकमा से धमतरी और रायपुर होते हुए दुर्ग की ओर आ रही थी। बस में करीब 35 से अधिक यात्री सवार थे। रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जगतरा टोल प्लाजा के आगे मरकाटोला कैम्प मोड़ के स्लीपर बस सड़क किनारे खड़े लकड़ी से लदे माजदा वाहन से जा टकराई । बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के समय बस की ऊपरी स्लीपर सीटों पर सो रहे कई यात्री झटके से नीचे गिर पड़े। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम राहत कार्य के लिए पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी 8 घायलों (चालक, परिचालक और यात्री) को धमतरी जिला अस्पताल भिजवाया। इस हादसे में बस चालक को गंभीर चोट लगी है, जबकि एक महिला यात्री का पैर बुरी तरह घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा माजदा में फंस गया था, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और लकड़ी से लदे माजदा को सड़क किनारे कर यातायात सुचारू कराया। वर्तमान में इस मार्ग पर आवागमन सामान्य है।