30 Jan 2026
किश्तवाड़, 30 जनवरी (हि.स.)। जम्मू और कश्मीर गृह विभाग ने एहतियाती सुरक्षा उपाय के तौर पर किश्तवाड़ जिले के कुछ चुनिंदा इलाकों में 2G, 3G, 4G और 5G सहित मोबाइल डेटा सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने का आदेश दिया है। आधिकारिक आदेश के अनुसार राष्ट्रविरोधी तत्वों द्वारा संभावित दुरुपयोग को रोकने के लिए किश्तवाड़ के सिंहपोरा, चिंगम और चतरू इलाकों में 29 जनवरी, 2026 को रात 12:01 बजे से 30 जनवरी, 2026 को रात 11:59 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। यह आदेश गृह विभाग के प्रधान सचिव चंद्रकर भारती ने जम्मू जोन के पुलिस महानिरीक्षक से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर जारी किया जो दूरसंचार सेवाओं के अस्थायी निलंबन नियम, 2024 के तहत अधिकृत अधिकारी हैं। निर्देश के अनुसार निलंबन चिन्हित प्रत्येक स्थान के छह किलोमीटर के दायरे में लागू होगा। अधिकारियों ने कहा कि उच्च गति वाली मोबाइल डेटा सेवाओं का दुरुपयोग शरारती तत्वों द्वारा किया जा सकता है जिससे सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ सकती है और केंद्र शासित प्रदेश की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। गृह विभाग ने कहा कि यह निर्णय भारत की संप्रभुता और अखंडता, जम्मू और कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के हित में लिया गया है। दूरसंचार अधिनियम, 2023 और दूरसंचार सेवा के अस्थायी निलंबन नियम, 2024 के संबंधित प्रावधानों के तहत निलंबन आदेश की औपचारिक रूप से पुष्टि कर दी गई है।