19 Apr 2026
मुंबई, 19 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक दुष्कर्म के पांचवें मामले में रविवार को जिला न्यायालय ने आरोपित अशोक खरात को 5 दिन के लिए पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। इस मामले की छानबीन कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) की टीम ने आरोपित खरात को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (एसआईटी) के माध्यम से न्यायालय में पेश किया था। इस मामले की सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने न्यायालय को बताया कि आरोपित के जुर्म करने का तरीका एक जैसा है, लेकिन पीडि़त अलग-अलग हैं। उसने महिलाओं को गैर-कानूनी चीज़ें खिलाकर और धोखा देकर उन पर ज़ुल्म किया है। इन चीज़ों और जुर्म के पीछे की साजिश की पूरी तरह से जांच करने के लिए पुलिस कस्टडी ज़रूरी है। इसके बाद आरोपित के वकील ने पुलिस कस्टडी का विरोध करते हुए कहा कि सरकारी पक्ष पहली कस्टडी से ही यही मुद्दे उठा रहा है। चूंकि पैसे कहां से लाए गए और दूसरे मामलों की जांच पहले ही हो चुकी है, इसलिए रिमांड की कोई ज़रूरत नहीं है। लेकिन पीडि़तों की संख्या और जुर्म की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने इस मामले में आरोपित को पांच दिन तक की पुलिस कस्टडी दे दी। उल्लेखनीय है कि अशोक खरात को एक महिला की यौन शोषण की शिकायत के बाद १८ मार्च को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद आरोपित के खिलाफ कुल १४ मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से ८ मामले यौन शोषण और छह मामले धोखाधड़ी के हैं। अब तक पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध दर्ज चार मामलों की जांच पूरी कर ली है। आज पुलिस को आरोपित के विरुद्ध दर्ज पांचवें मामले में भी पांच दिन तक की पुलिस कस्टडी मिली है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।