21 Feb 2026
गुवाहाटी, 21 फरवरी (हि.स.)। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने शनिवार को घोषणा की कि वह आगामी विधानसभा चुनाव बिन्नाकांदी विधानसभा क्षेत्र से लड़ेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पार्टी राज्य की 25 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। मीडिया से बातचीत के दौरान एआईयूडीएफ प्रमुख ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस अब केवल मुसलमानों की पार्टी बनकर रह गई है और उसे असमिया समाज का समर्थन नहीं मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि कोई भी असमिया अब कांग्रेस के साथ नहीं है। बदरुद्दीन अजमल ने यह भी कहा कि कांग्रेस को न तो मुसलमानों का वोट मिलेगा और न ही चाय बागान क्षेत्र के मतदाताओं का समर्थन प्राप्त होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जिन 25 सीटों पर एआईयूडीएफ उम्मीदवार उतारेगी, वहां पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।