11 Feb 2026
नई दिल्ली, 11 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स के थांगस्काई क्षेत्र में 5 फरवरी को अवैध कोयला खदान में हुए विस्फोट के बाद 18 मजदूरों की मौत की घटना का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इसे गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन बताते हुए मेघालय सरकार को नोटिस जारी कर 15 दिनों में जवाब मांगा है। एनएचआरसी ने बताया कि आयोग को मीडिया रिपोर्ट में इस हादसे की जानकारी मिली है। जिसमें गंभीर मानवाधिकार हनन प्रतीत होता है। इसलिए राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर 15 दिनों में जवाब मांगा गया है। रिपोर्ट में बचाव अभियान की स्थिति, पीड़ित परिवारों को दी गई या प्रस्तावित क्षतिपूर्ति, पुलिस जांच की प्रगति और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उठाए गए कदमों पर जानकारी देने को कहा गया है।