03 Feb 2026
जींद, 03 फ़रवरी (हि.स.)। फाइनेंस की किश्त न चुकाने पर फाइनेंसरों द्वारा एक व्यक्ति को कार्यालय में बंधक बनाने के मामले में दो फाइनेंसरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों फाइनेंसरों से पूछताछ कर रही है। थाना शहर प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि दो फरवरी को जैन नगर निवासी संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसने व उसके मित्र ने एक वर्ष पूर्व गांव अमरहेड़ी निवासी राकेश व जुलानी निवासी साहिल से 50 हजार रुपये फाइनेंस पर दस प्रतिशत बयाज दर पर उधार लिए थे। कुछ महीनों वे ब्याज राशि देते रहे। मजदूरी न मिलने के कारण उनकी तीन चार किश्त टूट गई। गत दिवस राकेश तथा साहिल उसे तांगा चौक पर मिल गए और रुपयों की मांग करने लगे। आरोपित उसे जबरन अपने साथ अपने कार्यालय में ले गए और तीन घंटे तक बंधक बनाए रखा। आरोपित ब्याज समेत राशि वापस करने के लिए दबाव बनाते रहे। आर्थिक तंगी के कारण किश्त जमा नही हो पाई तो उन दोनों ने संदीप को जबरदस्ती अपनी फाइनेंस दुकान ले गए और वहां लगभग तीन घंटे तक दुकान के अंदर बंधक बना कर रखा गया तथा ब्याज सहित रुपये तुरंत लौटाने का दबाव बनाया गया। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। संदीप की शिकायत के आधार पर थाना शहर जींद में मामला दर्ज तुरंत जांच प्रारंभ की गई। थाना शहर प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने कहा कि जींद पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की अवैध वसूली, धमकी या जबरन वसूली की घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।