10 Feb 2026
शिलांग, 10 फरवरी (हि.स.)। असम के सिलचर के अस्पताल में इलाज करा रहे दो और घायल मज़दूरों की मौत के बाद मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले में कोयला खदान में हुए हादसे में मरने वालों की संख्या 30 हो गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मरने वाले मजदूरोंं का सिलचर मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में इलाज चल रहा था और वे असम के कछार जिले के कटिगोरा के रहने वाले थे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उनकी पहचान रामचंद्र बैष्णब और निमारुद्दीन के रूप में की है। अधिकारियों ने बताया कि 5 फरवरी को हुई इस घटना के बाद कुल 9 घायल खनिकों को सिलचर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यह हादसा मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले के म्यंसंगट गांव के दूरदराज के थांगस्कू इलाके में एक गैर-कानूनी तरीके से चलाई जा रही कोयला खदान में हुआ, जिसके बाद एक बड़ा बचाव और राहत अभियान शुरू हुआ। इस घटना के बाद मेघालय सरकार ने हादसे के कारणों का पता लगाने और ज़िम्मेदारी तय करने के लिए न्यायिक जांच का आदेश दिया। असम सरकार ने राज्य के प्रत्येक मृतक मज़दूर के परिवार को 5 लाख रुपये की मदद देने का ऐलान किया है। अब तक, इस घटना में असम के कम से कम 8 मज़दूरों की मौत हो चुकी है, जो सभी कछार ज़िले के रहने वाले थे।