17 Feb 2026
चंडीगढ़, 17 फ़रवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। राजधानी चंडीगढ़ से सटे मोहाली में एक बार फिर से स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मंगलवार सुबह यह धमकी मिलने से स्कूलों में अफरातफरी मच गई। आज ही सीबीएसई तथा अन्य कई कक्षाओं की परीक्षाएं भी शुरू हुई हैं।
मोहाली के जिन स्कूलों को धमकी दी गई है वह सभी फोर्टिस हार्ट अस्पताल के आसपास हैं। फोर्टिस में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान उपचाराधीन हैं। वह सोमवार रात दोबारा यहां भर्ती हुए हैं।
स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूलों को खाली करवा लिया गया है। आज सुबह साढ़े 8 बजे के करीब यह मेल आई है जिसमें स्कूल के साथ-साथ फोर्टिस अस्पताल का भी जिक्र है। मेल मिलने के बाद एक तरफ से फेज-2 के ज्ञान ज्योति स्कूल में छुट़टी कर दी है, वहीं फोर्टिस अस्पताल की सुरक्षा की भी बढ़ा दी गई है।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने इस बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। बताया गया है कि खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से ये धमकी जारी की गई है। इससे पहले भी इस तरह की धमकियां मोहाली और चंडीगढ़ में सामने आ चुकी हैं। फिलहाल, पंजाब पुलिस सतर्कता के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।