28 Apr 2026
सुलतानपुर, 28 अप्रैल (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 108 किमी पर मंगलवार सुबह एक लग्जरी बस बेकाबू हाेकर पलट गई। हादसे में एक 05 वर्षीय बच्ची समेत 12 अन्य लाेग घायल हो गए। सभी घायल व्यक्तियों को मेडिकल कॉलेज, सुलतानपुर भेजा गया है। घटना की जानकारी पर जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह, एसडीएम बल्दीराय प्रवीण कुमार, सीओ आशुतोष और थाना प्रभारी अंजू मिश्रा पहुंची। पुलिस ने पहुंचकर राहत बचाव कार्य किए। जिलाधिकारी ने बताया कि एक लग्जरी बस करीब 100 सवारियाें काे लेकर लुधियाना से आजमगढ़ जा रही थी। सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार की सुबह धनपतगंज क्षेत्र के माइल स्टोन 108 के पास बस अचानक पलट गई। हादसे में करीब 57 सवारियाें में से 12 सवारी गंभीर रुप से घायल हाे गये। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। बस में सवार यात्री सानिया, लालबहादुर, ओमपाल और रामसुरत का कहना है कि बस को चालक नहीं बल्कि कंडक्टर चला रहा था, तब से ही बस सही नहीं चल रही थी। बस जैसे ही धनपतगंज क्षेत्र के माइल स्टोन 108 के पास पहुंची, बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। घायलों में अधिकांश लाेगाें को मामूली चोटें आईं, जिनका उपचार धनपतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने मौके पर ही किया। वहीं 34 घायल यात्रियों को कूरेभार भेजा गया, जिनमें 12 ऐसे यात्री हैं, जिनकी हालत बेहद गंभीर है। इन घायल मरीजाें को जिला अस्पताल व मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर किया गया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घायलों के समुचित उपचार का आश्वासन दिया है। वहीं, दूसरी बस करके अन्य यात्रियों को उनके गंतव्य स्थान के लिए रवाना किया गया।