13 Feb 2026
इटानगर, 13 फरवरी (हि.स.)। नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड-खापलांग (खांगो कोन्याक गुट) के एक स्वयंभू लेफ्टिनेंट ने अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। शुक्रवार काे पुलिस अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। मोक्तोवा इलाके में एक कट्टर देश विरोधी तत्व की मौजूदगी के बारे में खास इंटेलिजेंस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए, असम राइफल्स की खोंसा बटालियन ने इस हफ्ते की शुरुआत में एक विशेष अभियान शुरू किया। लगातार समझाने और मिलकर की गई कोशिशों के बाद, कैडर को हथियार डालने और मुख्यधारा में लौटने के लिए मोटिवेट किया गया। आत्मसमर्पण करने वाले व्यक्ति की पहचान वांगखू लोवांग (32) के रूप में हुई है, जो तिरप जिले के दादम के तहत मोक्तोवा गांव का रहने वाला है। उसने खोंसा में बटालियन हेडक्वार्टर में आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण के दौरान, लोवांग ने एक 7.65 एमएम की पिस्तौल, एक मैगजीन और छह जिंदा गोलियां जमा कीं। असम राइफल्स ने दूसरी सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर इलाके में शांति और स्थिरता बनाए रखने की कोशिशों में जुटा हुआ है।