14 Feb 2026
हरिद्वार, 14 फरवरी (हि.स.)। 2019 से मुंबई से लापता एक युवती का 6 साल बाद खुलासा हुआ। वह लक्सर क्षेत्र के एक गांव में अपने पति और तीन बच्चों के साथ मिली। डोंबिवली रेलवे पुलिस की टीम ने शनिवार को युवती और आरोपी साबिर पुत्र मुकर्रम को लेकर मुंबई रवाना किया। मामला डोंबिवली पुलिस स्टेशन में दर्ज एफ.आई.आर.संख्या 3822019,धारा 363 भादवि से जुड़ा है। 13 फरवरी को डोंबिवली रेलवे पुलिस ने लक्सर पहुंचकर स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय में ग्राम खड़ंजा कुतुबपुर में दबिश दी। यहां से आरोपी साबिर और युवती को बरामद किया गया। जांच में पता चला कि आरोपी 6 साल पहले युवती को मुंबई से अपने साथ लेकर फरार हो गया था। बाद में दोनों ने निकाह कर लिया और वर्तमान में उनके तीन बच्चे हैं। लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि वर्ष 2019 में मुंबई के डोंबिवली रेलवे पुलिस स्टेशन में साबिर पुत्र मुकर्रम निवासी खड़ंजा कुतुबपुर के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी तभी से फरार चल रहा था। युवती की लक्सर क्षेत्र से बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। इसके उपरांत डोंबिवली रेलवे पुलिस की टीम शनिवार को आरोपी और युवती को लेकर मुंबई रवाना हो गई।