06 Feb 2026
भागलपुर, 06 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस जिला नवगछिया में शुक्रवार को एक दरोगा ने पीटीसी सिपाही को चाकू मारकर घायल कर दिया। दरोगा और पीटीसी सिपाही के बीच हुए आपसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। जिसके बाद दरोगा ने पीटीसी सिपाही विशाल कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल सिपाही को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। मायागंज अस्पताल ले जाने के दौरान विक्रमशिला सेतु पर भीषण जाम में एंबुलेंस फंस गई, जिससे घायल की स्थिति बिगड़ने लगी। इस दौरान स्थानीय पत्रकारों की तत्परता से रास्ता साफ कराया गया, तब जाकर एंबुलेंस समय पर अस्पताल पहुंच सकी। घायल पीटीसी सिपाही विशाल कुमार ने बताया कि सुबह दरोगा के साथ हल्का-फुल्का मजाक चल रहा था, तभी अचानक दरोगा ने चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना को लेकर एसडीपीओ ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एसआईटी टीम का गठन कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी नवगछिया टाउन थाना को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी दरोगा की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।