06 Feb 2026
- कुल 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि सभी श्रेणियों में वितरित की जाएगी नई दिल्ली, 06 फ़रवरी (हि.स.)। आस्था, संस्कृति और विरासत से जुड़ी पावन नगरी अयोध्या 22 फरवरी को ‘रन फॉर राम’ के चौथे संस्करण की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। राम कथा पार्क में होने वाले इस भव्य मैराथन का आयोजन क्रीड़ा भारती की ओर से किया जा रहा है। यह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मार्गदर्शन में स्थापित एक प्रमुख खेल संगठन है। यह आयोजन आध्यात्मिकता, शारीरिक फिटनेस और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन, अनुशासन और मूल्यों से प्रेरित ‘रन फॉर राम’ अब केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि एक उद्देश्यपूर्ण जनआंदोलन बन चुका है। अयोध्या की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पृष्ठभूमि में आयोजित यह मैराथन प्राचीन 14-कोसी परिक्रमा से प्रेरणा लेती है, जो आधुनिक मैराथन से बहुत पहले ही सहनशक्ति, एकाग्रता और आंतरिक शक्ति का प्रतीक रही है। अपने चौथे संस्करण में ‘रन फॉर राम’ में देश-विदेश से 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। इस आयोजन में एथलीट्स, फिटनेस प्रेमी, परिवार, पहली बार दौड़ने वाले प्रतिभागी, वरिष्ठ नागरिक और श्रद्धालु सभी एक साझा मंच पर एकत्र होंगे। इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख एल. मांडविया मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर क्रीड़ा भारती उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि 'रन फॉर राम' उस प्राचीन भारतीय विचारधारा का प्रतीक है, जिसमें स्वस्थ शरीर को स्वस्थ चरित्र की नींव माना गया है। क्रीड़ा भारती की यह सामाजिक पहल लोगों को श्रीराम के मूल्यों से जुड़े रहते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती है। महिला सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्त्री इंडिया स्पोर्ट्स फाउंडेशन इस आयोजन में नॉलेज पार्टनर के रूप में जुड़ा है। यह संस्था ‘रन फॉर राम’ को एक ऐसे आंदोलन के रूप में प्रोत्साहित कर रही है, जहां महिलाएं और बालिकाएं अपनी आंतरिक शक्ति का प्रदर्शन कर सकें और राष्ट्रीय कल्याण में अहम भूमिका निभा सकें। क्रीड़ा भारती दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष भानु सचदेवा ने कहा कि 'रन फॉर राम' की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह फिटनेस, भक्ति और एक साझा लक्ष्य के माध्यम से लोगों को एकजुट करता है। मैराथन में चार प्रोफेशनली टाइम्ड रेस कैटेगरी होंगी, जिन्हें आरएफआईडी तकनीक और बेहतरीन ऑन-कोर्स सुविधाओं का सहयोग मिलेगा। प्रतिभागी 42 किमी और 21 किमी (18 वर्ष से अधिक आयु), 10 किमी (12 वर्ष से अधिक आयु) तथा 3 किमी (सभी आयु वर्ग) की दौड़ में हिस्सा ले सकेंगे। इस आयोजन में कुल 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है, जो सभी श्रेणियों में वितरित की जाएगी, ताकि हर स्तर के प्रतिभागियों को उत्साह और समर्पण के साथ भाग लेने के लिए प्रोत्साहन मिले। अंतरराष्ट्रीय आयाम जोड़ते हुए क्रीड़ा भारती ने उन देशों के दूतावासों और राजदूतों को भी आमंत्रित किया है, जिनका श्रीराम की यात्रा और विरासत से सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक संबंध रहा है। कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति की पुष्टि भी कर दी है, जो श्रीराम के मूल्यों की वैश्विक स्वीकार्यता और ‘रन फॉर राम’ की अंतरराष्ट्रीय पहचान को दर्शाता है। पिछले तीन वर्षों में ‘रन फॉर राम’ को हजारों धावकों और श्रीराम के अनुयायियों का जबरदस्त समर्थन मिला है और यह धीरे-धीरे देशभर में एक जनआंदोलन के रूप में विकसित हुआ है। इस संस्करण के साथ क्रीड़ा भारती शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के अपने मिशन को और आगे बढ़ा रही है। आयोजकों को विश्वास है कि ‘रन फॉर राम’ का यह चौथा संस्करण अयोध्या को एक बार फिर आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी के रूप में स्थापित करने में मदद करेगा और समाज में एकता, स्वास्थ्य और समग्र कल्याण का संदेश फैलाएगा।