13 Feb 2026
नई दिल्ली, 13 फ़रवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने आज पूठ कलां में आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप केंद्र) का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और जरूरतमंद परिवारों को बड़ा लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति रही। मंत्री ने इस दौरान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने ओपीडी कक्ष, डायग्नोस्टिक सेवाओं, दवा वितरण व्यवस्था, टीकाकरण सुविधाओं तथा जच्चा-बच्चा स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सेवाएं सुचारु, पारदर्शी और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप संचालित हों। इस आरोग्य मंदिर के शुरू होने से पूठ कलां और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को घर के पास ही सुलभ और निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। यहां जनरल ओपीडी, आवश्यक डायग्नोस्टिक जांच, दवाइयों का वितरण, टीकाकरण, जच्चा-बच्चा स्वास्थ्य सेवाएं, स्वास्थ्य परामर्श और निवारक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। मंत्री इंद्राज सिंह ने बताया कि दिल्ली में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का नेटवर्क तेजी से मजबूत किया जा रहा है और यह कार्य मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। चरणबद्ध तरीके से इन केंद्रों में डायग्नोस्टिक सेवाएं, वेलनेस गतिविधियां तथा समग्र स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। मंत्री ने कहा कि ऐसे उप केंद्र बड़े अस्पतालों पर दबाव कम करने में अहम भूमिका निभाएंगे और लोगों को छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। जनस्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। दिल्ली सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उसके निकट उपलब्ध हों। यह आयुष्मान आरोग्य मंदिर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर क्षेत्र के नागरिकों को सशक्त स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करेगा और एक स्वस्थ, सक्षम व समृद्ध समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।