10 Mar 2026
औरैया, 10 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के फफूंद क्षेत्र में मंगलवार को हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे छात्रों के साथ सड़क हादसा हो गया। भाग्यनगर के पास दिबियापुर मार्ग पर एक ऑटो में पीछे से लगातार तीन बाइक टकरा गईं, जिससे सात छात्र घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी दिबियापुर में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने पांच छात्रों को उनके परीक्षा केंद्र किसान इंटर कॉलेज भाग्यनगर पहुंचाकर परीक्षा दिलवाई। जानकारी के अनुसार भौनकपुर निवासी शैलेन्द्र, रोहित, शिवकांत और शिवा दो बाइक से परीक्षा देने जा रहे थे। जैसे ही वे भाग्यनगर के पास पहुंचे, एक बाइक आगे चल रहे ऑटो से टकरा गई। इसके बाद पीछे आ रही दूसरी बाइक भी भिड़ गई। इसी दौरान दयानगर निवासी शैलेन्द्र नायक, अमित नायक और राऊपुर निवासी विकास की बाइक भी पीछे से टकरा गई। हादसे में सात छात्र घायल हो गए। इनमें शैलेन्द्र नायक, रोहित, विकास, शैलेन्द्र और अभिषेक को प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस की मदद से परीक्षा केंद्र पहुंचा दिया गया। वहीं भौनकपुर निवासी शिवाकांत और शिवा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जिससे वे परीक्षा देने से वंचित रह गए। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। पांच छात्रों को पुलिस स्टाफ के साथ परीक्षा दिलाने भेज दिया गया, जबकि दो गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।