18 Feb 2026
सुलतानपुर, 18 फ़रवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में बुधवार को लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर ईंट से लदा एक ट्रैक्टर मालगाड़ी के इंजन से टकरा गया, जिससे ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और मालगाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना के कारण करीब सवा घंटे तक रेल ट्रैक बाधित रहा। यह घटना बुधवार सुबह लगभग 10:43 बजे थाना चांदा क्षेत्र के ग्राम सभा शेरपुर परशुरामपुर में पोल नंबर 88722 और 88724 के बीच हुई। मालगाड़ी के ड्राइवर ने दूर से ही ट्रैक्टर को देखकर उसकी गति धीमी कर दी थी, जिससे एक बड़ी और अप्रिय दुर्घटना होने से बच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए। रेलवे पुलिस के अनुसार, मालगाड़ी के इंजन का आगे का बायां हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के बाद मालगाड़ी सुबह 10:43 बजे से दोपहर 12:02 बजे तक ट्रैक पर रुकी रही, जिसके बाद ट्रैक खाली कराकर उसे आगे रवाना किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह ट्रैक्टर ट्रॉली कोइरीपुर से ईंट लादकर शेरपुर परशुरामपुर ले जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ पुलिस और थाना कोतवाली चांदा से सब इंस्पेक्टर अवधेश सिंह यादव तथा सब इंस्पेक्टर अजय यादव मौके पर पहुंचे। घटना स्थल पर भारी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित हो गए।