19 Feb 2026
सारण, 19 फ़रवरी (हि.स.)। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक केंद्र हथुआ मार्केट में बीती रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हथुआ मार्केट में हुई अग्निकांड में बेसमेंट स्थित दुकानें जलकर खाक हो गई हैं, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बीती रात जब बाजार बंद होने की प्रक्रिया में था तभी अचानक हथुआ मार्केट के बीचों-बीच स्थित दुकानों से धुंआ और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास की अन्य दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। शहर के बीचों-बीच आग की ऊंची लपटें देख आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही छपरा सदर एसडीओ नितेश कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग की तीन गाड़ियां घटना स्थल पर भेजी गईं। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सदर एसडीओ निलेश कुमार ने बताया कि हथुआ मार्केट में बेसमेंट में कंटीन्यूअस दो दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। अगलगी की इस घटना में कपड़ों और ब्यूटी पार्लर के दुकान को नुकसान पहुंचा है। दुकानदारों के अनुसार, नुकसान का आंकड़ा करोड़ों में हो सकता है। फिलहाल प्रशासन द्वारा क्षति का आकलन किया जा रहा है।