13 Feb 2026
सलेम, 13 फरवरी (हि.स.)। तमिलनाडु के सलेम शहर में तमिलगा वेत्रि कषगम (टीवीके) की जनसभा के दौरान एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस घटना के बाद जनसभा में मौजूद कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के बीच शोक का माहौल व्याप्त हो गया है। मृतक की पहचान सिराज उर्फ सूरज (35) के रूप में हुई है। वह सलेम के सेव्वायपेट्टई इलाके के निवासी थे और चांदी के व्यवसाय से जुड़े हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जनसभा के दौरान सिराज उर्फ सूरज अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों और कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें प्राथमिक सहायता प्रदान की और पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सिराज की तबीयत पहले से खराब थी और हाल ही में उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी। डॉक्टरों का मानना है कि भीड़ और उनकी शारीरिक स्थिति के कारण अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। यह जनसभा सलेम के सीलनायकनपट्टी स्थित थालामुथु नटराजन मैदान में आयोजित की गई थी, जिसमें टीवीके के अध्यक्ष और अभिनेता-राजनेता विजय मुख्य रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम के लिए प्रशासन की ओर से लगभग 5,000 लोगों की अनुमति दी गई थी, लेकिन विजय की लोकप्रियता के कारण अपेक्षा से कहीं अधिक संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता जनसभा में पहुंच गए। इससे पहले विजय शुक्रवार सुबह चेन्नई से सलेम पहुंचे और हवाई अड्डे से सीधे सभा स्थल के लिए रवाना हुए। वहां हजारों कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम में पांच पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), आठ पुलिस निरीक्षक और 1,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। इसके अलावा पार्टी की ओर से समर्थकों के लिए पेयजल, बिस्कुट और ओआरएस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई थीं। बहरहाल, घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इस दुखद घटना से जनसभा में मौजूद लोगों और स्थानीय निवासियों में शोक की लहर है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।