14 Feb 2026
नई दिल्ली, 14 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति योगेश सिंह ने शुक्रवार को डीयू में हुई घटना पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में कल जो घटना हुई वह चिंता का विषय है। विश्वविद्यालय में देश के सभी प्रदेशों और सभी समुदायों के विद्यार्थी पढ़ते हैं। सामाजिक सौहार्द सबसे बड़ी चीज है और उसे बनाए रखना हम सब का कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि आज कई विद्यार्थी समूहों, शिक्षक समूहों और पुलिस प्रशासन से बात करके उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा है कि भविष्य में कोई ऐसी घटना न हो जिससे सद्भाव को कोई नुकसान पहुंचे। प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के जो नए नियम आए हैं वह अभी उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों से अपील कि वह भारत सरकार पर अपना भरोसा बनाए रखें और न्यायालय के निर्णय का इंतजार करें। उन्होंने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को आपस में सौहार्द बनाए रखने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि कोई भी ऐसा काम न करें जिससे आपसी मनमुटाव बढ़े और राष्ट्र व विश्वविद्यालय की छवि को नुकसान हो। उल्लेखनीय है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के आर्ट फैकल्टी परिसर में शुक्रवार शाम यूजीसी के नए नियम के समर्थन में प्रदर्शन के दौरान एक महिला यूट्यूब के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है।