25 Mar 2026
अबू धाबी, 25 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान की ओर से भेजे गए कई ड्रोन हमलों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया। यूएई रक्षा मंत्रालय के अनुसार, हाल ही में 9 मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) को इंटरसेप्ट किया गया। मंत्रालय ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष के बाद से देश पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की संख्या में तेजी आई है, जिनका लगातार जवाब दिया जा रहा है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, अबतक सैकड़ों बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ बड़ी संख्या में ड्रोन हमलों को निष्क्रिय किया जा चुका है। इन घटनाओं में सुरक्षा बलों के कुछ जवानों और नागरिकों की जान भी गई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। सरकार ने कहा है कि वह हर तरह के खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और देश की सुरक्षा, संप्रभुता और स्थिरता को बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते हमलों से क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर भी असर पड़ सकता है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ रही है।