01 Apr 2026
मुंबई, 01 अप्रैल (हि.स.)। नासिक दुष्कर्म मामले के आरोपित अशोक खरात को जिला न्यायालय ने 14 दिन की न्यायिक कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है। इस मामले की गहन छानबीन स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) कर रही है। सरकारी वकील शैलेंद्र बागड़े ने बुधवार को बताया कि आज आरोपित को नासिक जिला न्यायालय में पेश किया गया था। आरोपित को इस मामले में 14 दिनों की मांग की गई थी। इसी वजह से न्यायालय ने आरोपित को 14 दिनों की न्यायिक कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है। शैलेंद्र बागड़े ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध दुष्कर्म के कुल नौ मामले दर्ज हैं। इनमें से आज पहले मामले में आरोपित को 14 दिन की न्यायिक कस्टडी मिली है।गुरुवार को आरोपित को दुष्कर्म के दूसरे मामले में न्यायालय में पेश किया जाएगा और पुलिस कस्टडी मांगी जाएगी। नासिक के सरकार वाड़ा पुलिस स्टेशन में अशोक खरात के विरुद्ध पहला मामला 17 मार्च को दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपित को 18 मार्च को गिरफ्तार किया गया था और आज तक पुलिस कस्टडी में था। आज अशोक खरात की पुलिस कस्टडी खत्म हो रही थी, इसी वजह आरोपित को नासिक जिला न्यायालय में पेश किया गया था।