20 Feb 2026
धनबाद, 20 फ़रवरी (हि.स.)। धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित शिमराटांड़ में शुक्रवार की सुबह एक रुई फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जिसने देखते ही देखते भयावह रूप धारण कर लिया। इस आग में एक मजदूर भी झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची बरवाअड्डा पुलिस ने आग की सूचना अग्निशमन विभाग को दी। लेकिन दमकल गाड़ी को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे से अधिक का समय लग गया। तब तक आग ने फैक्ट्री सहित आस-पास के झाड़ियों को भी अपने चपेट में ले लिया।बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के आसपास पानी की व्यवस्था नही होने के कारण स्थानी लोग और फैक्ट्री संचालक आग रोकने के लिए कुछ भी नही कर सकें।वहीं, घटना के संबंध में फैक्ट्री के संचालक तारिक अनवर ने बताया कि इस फैक्ट्री में कपड़े से रुई बनाने का काम किया जाता था। आज अचानक शॉर्ट सर्किट से फैक्ट्री में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की किसी को कुछ सोचने समझने का मौका ही नही मिला। उन्होंने बताया कि इस आग में एक मजदूर आंशिक रूप से झुलस गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं रुई बनाने वाली मशीन और एक मोबाइल फोन पूरी तरह से जलकर बर्बाद हो गया है। उन्होंने बताया कि इस आग की वजह से उन्हें करीब 4-5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अग्निशमन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंच कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।