14 Mar 2026
धार, 14 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के धार जिले के बाग क्षेत्र में एक मार्मिक घटना सामने आई है। यहां पति के निधन के लगभग 12 घंटे बाद पत्नी की भी मृत्यु हो गई। इसके बाद दोनों की अंतिम यात्रा एक साथ निकाली गई और मुक्तिधाम में एक ही चिता पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दृश्य को देखकर उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। जानकारी के अनुसार बाग निवासी 62 वर्षीय प्रभुलाल प्रजापत को शुक्रवार शाम अचानक दिल का दौरा पड़ा। परिजन उन्हें उपचार के लिए बड़वानी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया। शनिवार को उनकी अंतिम क्रिया की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच शनिवार सुबह उनकी पत्नी छोटाबाई प्रजापत को भी अचानक दिल का दौरा पड़ा और उनका भी निधन हो गया। पति के निधन के कुछ ही घंटों बाद पत्नी के भी चल बसने से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। दोनों के निधन के बाद बाग में उनकी अंतिम यात्रा एक साथ निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मुक्तिधाम में पति-पत्नी की पार्थिव देह को एक ही चिता पर रखा गया। उनके पुत्र कृष्णा और महेंद्र ने माता-पिता को मुखाग्नि दी। बताया जाता है कि प्रजापत दंपत्ति धार्मिक प्रवृत्ति के थे और सामाजिक व धार्मिक आयोजनों में सक्रिय रूप से भाग लेते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में इस प्रकार की घटना पहली बार देखने को मिली है, जब पति-पत्नी की अंतिम यात्रा एक साथ निकाली गई और एक ही चिता पर उनका दाह संस्कार किया गया। मुक्तिधाम पर उपस्थित लोगों ने नम आंखों से दिवंगत दंपत्ति को श्रद्धांजलि अर्पित की।