27 Jan 2026
कानपुर, 27 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में कर्नलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बीते छह महीने से चल रही अवैध तमंचा फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए सरगना समेत तीन शातिरों को धर दबोचा है। आरोपितों के पास से बने हुए सात तमंचे, उनके पुर्जे और तमंचा बनाने में प्रयुक्त औजार भी बरामद किये हैं। पकड़े गए शातिरों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उपायुक्त मध्य आशीष श्रीवास्तव ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि पूर्व में हुई कुछ घटनाओं की जांच में अवैध तमंचा फैक्ट्री की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद से लगातार सेंट्रल जोन की पुलिस और सर्विलांस टीम मामले की जांच कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि पीपीएन मार्केट स्थित केसा कार्यालय (बिजली विभाग) के सामने बंद पड़ी ब्रश फैक्ट्री में अवैध असलहा बनाये जा रहे हैं। शातिरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने छापेमारी करते हुए मौके से जनपद उन्नाव निवासी देशराज, कर्नलगंज निवासी मोहम्मद साकिब और चांदबाबू को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पुलिस को मौके से सात बने हुए तमंचे, उनके कल पुर्जे, वेल्डिंग मशीन, लोहे की रॉड, स्प्रिंग, भट्टी समेत इत्यादि सामान बरामद हुए हैं। शुरुआती पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि यह प्रति तमंचे वह आस-पास के जनपदों में पांच से आठ हजार रुपये में बनाकर बेचते थे। आगे उन्होंने बताया कि शातिरों द्वारा बेचे गए तमंचों की जानकारी जुटाकर तीनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जा रहा है।