15 Feb 2026
रेवाड़ी, 15 फ़रवरी (हि.स.)। रेवाड़ी शहर के सेक्टर-4 स्थित राव शूटिंग एकेडमी में रविवार को प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शूटिंग चैंपियनशिप में पदक जीतकर देश व क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक लक्ष्मण सिंह यादव और विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह विभाग संचालक डा रामावतार लांबा मौजूद रहे। समारोह में एशियाई सिल्वर व गोल्ड मेडलिस्ट चहक यादव, नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट सुषमा यादव तथा नेशनल गोल्ड व सिल्वर मेडलिस्ट सिध्या सिंह को सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं और सरकार भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर पूरे क्षेत्र को गर्व है। प्रदेशभर में खेल नर्सरियां खोली जा रही हैं और खिलाड़ियों की हर प्रकार से मदद की जा रही है। सरकार की खेल नीतियों के कारण ही हरियाणा खेलों में अग्रणी राज्यों में शामिल है। खिलाड़ियों की उपलब्धियों के लिए उन्होंने कोच रमन राव को भी बधाई दी। कार्यक्रम में समाजसेवी एवं पार्षद प्रतिनिधि जैनाबाद भूपेंद्र खोला, हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन के अध्यक्ष डा अनिल यादव, सेवानिवृत्त प्रोफेसर डा एमएस यादव, डा रवि यादव तथा डा रविंद्र यादव ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर योगा इंटरनेशनल कोच डा युद्धवीर यादव, डा पंकज यादव, डा प्रीति यादव, मास्टर चिरंजी लाल, हेडमास्टर समय सिंह, एडवोकेट हरीश यादव, कैप्टन वेद प्रकाश, गौशाला के संचालक प्रदीप डागर, सरपंच सतबीर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।