01 Apr 2026
फर्रुखाबाद,01 अप्रैल (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के अमृतपुर थाना क्षेत्र में सात माह पहले लापता युवक ओमवीर राठौर की हत्या उसके दोस्त ने की थी। पुलिस ने घटना खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर लापता युवक के कंकाल बरामद कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अरुण कुमार ने बताया कि गांव गूजरपुर पमारान निवासी ओमवीर राठौर 20 जुलाई 2025 की शाम करीब 7 बजे घर से निकले थे। परिजनों का आरोप है कि गांव का ही रामू यादव उन्हें घर से बुलाकर ले गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। ओमवीर की मां राजेश्वरी ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जबकि बाद में ओमवीर की पत्नी धर्मशीला ने 31 अगस्त 2025 को थाना अमृतपुर में रामू यादव समेत कई लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने इस मामले में रामू यादव, देवेंद्र यादव, गुलाब सिंह उर्फ तिलक, सुरजीत यादव, श्यामवीर और बंटी उर्फ रामऔतार को आरोपित बनाया था। मंगलवार की रात थाना अमृतपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित रामू यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित की निशानदेही पर बुधवार सुबह फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग स्थित एक मक्के के खेत में जेसीबी से खुदाई कराई गई। गड्ढे से लापता ओमवीर का कंकाल बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से कंकाल के साथ एक तौलिया, चप्पल और शर्ट भी बरामद की है। परिजनों ने कपड़े से शव की शिनाख्त लापता बेटे ओमवीर के रूप में की है। फॉरेंसिक टीम के सदस्य रविकांत, सचिन और यशनन्दन मौके पर पहुंचे और साक्ष्य एकत्र किए। एएसपी ने बताया कि पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।