22 Jan 2026
सोनभद्र, 22 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र के घोरावल थाना क्षेत्र में गौ तस्करों व पुलिस टीम में हुई मुठभेड़ में गाेली लगने से दो पशु तस्कर घायल हो गए जबकि पशु तस्करों के वाहन पिकअप से टक्कर लगने से एक पुलिस आरक्षी भी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक पिकअप वाहन से नौ गोवंश, दो अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को बताया की घोरावल थाना क्षेत्र में पुलिस टीम को सुचना मिली की कुछ पशु तस्कर मध्य प्रदेश के बार्डर से सोनभद्र होते हुए बिहार की तरफ जाने वाले हैं। इस सुचना पर थाना घोरावल, करमा व शाहगंज पुलिस टीम ने अलग-अलग टीमें बनाकर तत्काल मौके पर पहुँचकर खाखे मोड़ नहर पुलिया चौराहा के पास घेराबन्दी की । पशु तस्कर खुद को घिरता देखकर अपना पिकअप वाहन तेज रफ्तार से भगाने लगे जिससे पिकअप के टक्कर से एक पुलिस आरक्षी घायल हो गया। इधर पुलिस टीम को देखकर तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग किया जिसमें पिकअप का चालक 29वर्षीय सिद्धनाथ खरवार पुत्र सुमेर सिंह निवासी ग्राम अमहरा, थाना अधौरा जिला कैमूर, बिहार और वाहन मालिक 30 वर्षीय ओमप्रकाश यादव पुत्र रामजनम यादव निवासी चैनपुर, भभुआ बिहार के पैर में गोली लगने से घायल हो गए जिन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस टीम ने इनके कब्जे से एक पिकअप वाहन में नौ राशि गौवंश एक मृतक अवस्था में, 02 अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिन्दा कारतूस .315 बोर व 02 खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया । एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे कैमूर बिहार के रहने वाले है। हम लोगों काफी दिनों से गौ तस्करी का काम करते है। आज भी इन 09 राशि गौवंशों को मध्य प्रदेश के बॉर्डर थाना घोरावल क्षेत्र के पास से लादे थे तथा नौगढ़ होते हुए बिहार ले जाते थे। इसके पूर्व में भी कई बार हम लोग इसी योजना के तहत ले चुके है । वध के लिए बिहार से पश्चिम बंगाल भेजा जाता है। दोनों अभियुक्तों एवं घायल मुख्य आरक्षी राजीव कुमार को इलाज हेतु सीएचसी घोरावल पुलिस अभिरक्षा में भेजा गया है। बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर थाना घोरावल पर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।