11 Mar 2026
चित्तौड़गढ़, 11 मार्च (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। जिले के कपासन थाना क्षेत्र के काछियाखेड़ी गांव में मंगलवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों को कुएं में फेंकने के बाद ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना में महिला की ट्रेन से कटने से मौत हो गई, जबकि देर रात दोनों बच्चों के शव कुएं से बरामद किए गए।कपासन थाने के एएसआई शंकरलाल ने बताया कि मंगलवार देा शाम सूचना मिली कि काछियाखेड़ी रेलवे पुलिया के पास एक महिला उदयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। ट्रेन की टक्कर से महिला का सिर धड़ से अलग हो गया था, जिससे प्रारंभ में उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कपासन उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि काछियाखेड़ी गांव से अणछी (25) पत्नी पारस कच्छवा अपने दो बच्चों सोनू (5) और मोनू (4 माह) के साथ लापता है। पुलिस ने तलाश शुरू की। रात में सूचना मिली कि गांव के एक कुएं में दो बच्चों के शव दिखाई दे रहे हैं। कपासन थाने के एएसआई उदयलाल सुखवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाले गए। रात में ही दोनों शवों को कपासन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी हरजी लाल यादव और थानाधिकारी सुनील शर्मा भी अस्पताल पहुंचे। परिजनों और ग्रामीणों ने महिला और दोनों बच्चों की पहचान की। एएसआई उदयलाल सुखवाल के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला ने पहले अपने दोनों बच्चों को कुएं में फेंका और उसके बाद ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। हालांकि इस कदम के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस ने बताया कि मृतका के पीहर और ससुराल पक्ष से रिपोर्ट लेकर मामले की जांच की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।