19 Feb 2026
राजसमंद, 19 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के भीम थाना क्षेत्र में गर्भवती महिला और उसके दो साल के बेटे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला का शव गुरुवार को भीम के तालाब से बरामद किया गया, जबकि बेटे के शव की तलाश जंगल में की जा रही है। थाना प्रभारी सवाई सिंह ने बताया कि प्रियंका रावत (22) और उसका बेटा आर्यन (2) ग्यारह फरवरी से लापता थे। परिजनों ने 12 फरवरी को गुमशुदगी करवाई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने प्रियंका की कॉल डिटेल खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध युवक गोविंद सिंह का नाम सामने आया। रात में संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ में उसने बताया कि पहले प्रियंका की हत्या की और शव पर पत्थर बांधकर भीम के तालाब में फेंक दिया। इसके बाद आर्यन की भी हत्या कर दी और शव को भीम से करीब 20 किलोमीटर दूर दर्रा क्षेत्र के जंगलों में फेंक दिया। गुरुवार को पुलिस ने एसडीआरएफ टीम की मदद से तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद प्रियंका का शव बरामद कर लिया गया। बताया जा रहा है कि प्रियंका नौ महीने की गर्भवती थी। उसका पति पेशे से कुक है। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस और ग्रामीण दर्रा के जंगलों में बच्चे के शव की तलाश कर रहे हैं। घटना की सूचना पर एसपी ममता गुप्ता और एएसपी महेंद्र पारीक भी मौके पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के पीछे की वजह का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।