28 Apr 2026
फर्रुखाबाद ,28 अप्रैल (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में शादी न करने से गुस्साए बेटों ने अपने वृद्ध पिता को मार डाला। यह सनसनीखेज घटना बीती रात ग्राम अर्राह पहाड़पुर में हुई। घटना क्रम के अनुसार 70 वर्षीय रामसनेही बेटे अनिल व ओमकार के साथ घर में रहते थे। बीती रात करीब 11 बजे बेटों ने ही पिता को किसी हथियार से सिर पर हमला करके मार डाला। सूचना पर मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद मौके पर मिले बड़े बेटे ओमकार को हिरासत में ले लिया। फील्ड यूनिट ने घटना के साक्ष्य जुटाए। बताया जाता है कि ओमकार की शादी हुई थी। लेकिन किसी कारण पत्नी उसे छोड़कर चली गई। जबकि अनिल की दो शादियां हुई अनिल की पहली पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी। जबकि उसकी दूसरी पत्नी छोड़कर बहनोई के साथ चली गई। अनिल पिता पर दबाव डाल रहा था कि मेरी शादी करो, रामसनेही इसलिए शादी करने को तैयार नहीं थे कि औरतें घर में रुकती नहीं है। रामसनेही की पत्नी की पिछले साल मौत हो चुकी है। वृद्ध राम सनेही खाना बनाकर दोनों आवारा बेटों को खिलाते थे। सीओ सिटी अभय कुमार वर्मा ने बताया कि बेटे अनिल व ओमकार ने ही अपने वृद्ध पिता की हत्या की है। ओमकार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।