25 Jan 2026
नई दिल्ली, 25 जनवरी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस–2026 के अवसर पर दिल्ली पुलिस के 33 अधिकारियों और जवानों को उनकी असाधारण बहादुरी, उत्कृष्ट सेवा और सराहनीय कार्यों के लिए प्रतिष्ठित पुलिस पदकों से सम्मानित किया जाएगा। दिल्ली पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इन कर्मियों को 14 वीरता पदक, 2 राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक और 17 सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए जाएंगे। आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ जांबाज़ी की मिसाल वीरता पदक पाने वाले अधिकारियों ने आतंकवाद, संगठित अपराध और खतरनाक अपराधियों के खिलाफ अपनी जान जोखिम में डालकर साहसिक कार्रवाइयों को अंजाम दिया। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद सिंह कुशवाह, एसआई राजीव कुमार और एसआई शिबू आरएस को एक ए++ श्रेणी के वांछित आतंकवादी जावेद अहमद मट्टू को मुठभेड़ के बाद दबोचने के लिए वीरता पदक से नवाजा गया है। यह आतंकी 11 से अधिक आतंकी वारदातों में वांछित था और उसके पास से अत्याधुनिक हथियार, जिंदा कारतूस और चोरी की कार बरामद की गई थी। मुठभेड़ के दौरान एसीपी प्रमोद सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली भी लगी, लेकिन टीम ने साहस नहीं छोड़ा और आतंकी को काबू में कर लिया। इसी तरह इंस्पेक्टर अमित नारा, एसआई ब्रजपाल कुशवाह, एसआई सतीश कुमार और एसआई उधम सिंह को कनाडा में बैठे खालिस्तानी आतंकी अर्श डल्ला से जुड़े शार्प शूटरों को हथियार और हैंड ग्रेनेड के साथ पकड़ने के लिए वीरता पदक दिया जाएगा। इस कार्रवाई में पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग हुई, लेकिन सूझबूझ और बहादुरी से दो खतरनाक आरोपितों को दबोच लिया गया और एक बड़ी वारदात टल गई। इंस्पेक्टर निशांत दहिया, इंस्पेक्टर मंजीत जगलान और एसआई अमित भाटी को भी वीरता पदक के लिए चुना गया है। इन अधिकारियों ने एक मुठभेड़ के दौरान लाइव हैंड ग्रेनेड छीनकर न सिर्फ अपनी टीम बल्कि आम जनता की जान बचाई। राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक से सेवानिवृत्त एसआई गैंनेंद्र सिंह राणा और महिला उप निरीक्षक नवल कुमारी को सम्मानित किया जाएगा। एसआई राणा ने अपने लंबे सेवाकाल में फिंगर प्रिंट ब्यूरो, ट्रैफिक यूनिट और दिल्ली पुलिस अकादमी में अहम योगदान दिया। वहीं डब्ल्यूएसआई नवल कुमारी ने महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा प्रशिक्षण और सीबीआई में प्रतिनियुक्ति के दौरान उल्लेखनीय कार्य किया। 17 अधिकारियों को सराहनीय सेवा पदक सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी मिलिंद महादेव डुंबेरे, एसीपी कृष्ण कुमार, एसीपी विमल चड्ढा, एसीपी निशा दीक्षित सहित कई इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और एएसआई शामिल हैं। इन अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, तकनीकी नवाचार, ई-एफआईआर, साइबर अपराध नियंत्रण, वीवीआईपी सुरक्षा, प्रशासनिक दक्षता और संवेदनशील मामलों की सफल जांच के लिए चुना गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि ये सम्मान न केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों का प्रतीक हैं, बल्कि पूरी दिल्ली पुलिस बल की प्रतिबद्धता, साहस और सेवा भावना को दर्शाते हैं। गणतंत्र दिवस के अवसर पर इन जांबाज़ों का सम्मान राजधानी की सुरक्षा में दिन-रात जुटे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाएगा और समाज में कानून के प्रति विश्वास को और मजबूत करेगा।