30 Jan 2026
नई दिल्ली, 30 जनवरी (हि.स.)। सांसद सुधाकर सिंह ने दिल्ली उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर करके दिल्ली महिला आयोग के लंबे समय से काम नहीं करने का आरोप लगाया गया है। याचिका में कहा गया है कि दिल्ली महिला आयोग के चेयरपर्सन का पद जनवरी, 2024 से खाली है।
याचिकाकर्ता की ओर से वकील सत्यम सिंह राजपूत ने याचिका दायर करके कहा है कि दिल्ली महिला आयोग में कोई काम नहीं होता। न तो वहां कोई हेल्प डेस्क कार्यरत है और न ही कोई अधिकारी या स्टाफ महिलाओं की शिकायतों को सुनने वाला है। याचिका में कहा गया है कि दिल्ली महिला आयोग कार्यदिवस के दौरान बंद रहता है, जिसकी वजह से पारिवारिक काउंसलिंग या रेप क्राइसिस सेल पूरी तरह खत्म हो चुका है।
याचिका में कहा गया है कि दिल्ली महिला आयोग का कार्यशील नहीं होना महिलाओं को न्याय और सुरक्षा पाने के संविधान के अनुच्छेद 14, 15(3) और 21 का उल्लंघन है। याचिका में कहा गया है कि दिल्ली में महिलाओं के साथ देश भर में सर्वाधिक मामले दर्ज होते हैं, लेकिन उसके बावजूद दिल्ली महिला आयोग का कार्यशील नहीं होना गंभीर बात है। याचिका में न्यायिक हस्तक्षेप की मांग की गई है, ताकि दिल्ली महिला आयोग को एक तय समय सीमा में कार्यशील बनाकर महिलाओं की शिकायतों का निपटारा किया जा सके। याचिका में मांग की गई है कि दिल्ली महिला आयोग में चेयरपर्सन के खाली पड़े पद को तुरंत भरने के साथ ही आयोग में पर्याप्त स्टाफ नियुक्त किया जाए।