03 Feb 2026
यमुनानगर, 03 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर जिले के नए बाईपास पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। तेज गति और लापरवाही से गुजर रहे एक ट्रक ने सड़क किनारे पैदल चल रहे व्यक्ति को कुचल दिया, जिसके चलते व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर यमुनानगर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के कपड़ों और सामान की तलाशी ली गई, लेकिन उसकी पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज बरामद नहीं हो सका। प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया कि वह अपने निजी कार्य से कार में सवार होकर नए बाईपास के रास्ते गुजर रहा था। इसी दौरान औरंगाबाद पुल के पास एक ट्रक अत्यधिक तेज गति से आया और पैदल जा रहे व्यक्ति को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक पीड़ित के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र में मृतक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक और ट्रक की तलाश के लिए संभावित मार्गों पर नाकाबंदी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।