14 Feb 2026
मुंबई, 14 फरवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुलुंड में मेट्रो पिलर का हिस्सा गिरने के हादसे में मारे गए मृतक के आश्रित को पांच लाख रुपये आर्थिक मदद और घायलों का इलाज सरकारी खर्च पर किए जाने की भी घोषणा की है। इस हादसे में एक की मौत और तीन लोग घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मुलुंड में मेट्रो के पिलर गिरने की घटना बहुत ही दुखदायक है। इस घटना की उच्चस्तरीय जांच की जाएगी और दोषी पाए गए लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इस घटना में अगर कोई अधिकारी दोषी पाया जाएगा, उसे निलंबित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस घटना में मृतकों और घायलों के साथ खड़ी है। उल्लेखनीय है कि शनिवार को मुलुंड में मेट्रो के पिलर का हिस्सा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए हैं। इन तीनों का इलाज उपासना अस्पताल में हो रहा है। तीनों में से एक घायल व्यक्ति की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इस घटना की जानकारी मिलते ही महापौर रितु तावड़े, विधायक मिहिर कोटेचा ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और इस घटना की छानबीन की मांग मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की है।