27 Jan 2026
दक्षिण 24 परगना, 27 जनवरी (हि. स.)। जिले के सोनारपुर इलाके में पश्चिम बंगाल सरकार के भूमि सुधार विभाग के एक अधिकारी को नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अमित दे के रूप में हुई है। पुलिस ने मंगलवार को इस बारे में जानकारी दी। बारुईपुर पुलिस जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सरकारी अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को आरोपित को अदालत में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, कथित घटना वर्ष 2019 की है, जब पीड़िता नाबालिग थी। आरोप है कि आरोपित ने न केवल दुष्कर्म किया, बल्कि पूरी घटना का वीडियो भी मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया था। बाद में इसी वीडियो के जरिए पीड़िता को लंबे समय तक ब्लैकमेल किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता के पिता पेशे से प्लंबर हैं। वर्ष 2019 में वह काम के सिलसिले में अमित दे के घर जाया करते थे। इसी दौरान पीड़िता की आरोपित से पहचान हुई। बताया गया है कि पारिवारिक जान-पहचान के कारण किशोरी आरोपित को ‘अंकल’ कहकर संबोधित करती थी। आरोप है कि एक दिन किशोरी को घुमाने के बहाने एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो वह वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इसी डर के कारण पीड़िता लंबे समय तक चुप रही। हाल ही में युवती की शादी तय हुई थी। आरोप है कि इसकी जानकारी मिलने के बाद आरोपित ने इसका विरोध किया और वीडियो दिखाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, वह कथित तौर पर युवती के होने वाले दूल्हे के घर भी पहुंचा। घटना सामने आने के बाद युवती की शादी टूट गई। इसके बाद पीड़िता और उसके परिवार ने सोनारपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सोमवार रात आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपित शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। चूंकि घटना के समय पीड़िता नाबालिग थी, इसलिए आरोपित के खिलाफ बाल यौन शोषण से संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), 2012 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।