11 Feb 2026
सीतापुर, 11 फ़रवरी (हि.स.)। बुधवार की शाम कमलापुर क्षेत्र में एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। बैकुंठपुर गांव के पास कमलापुर–मास्टरबाग मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही सांसें थम गईं। भिठौली निवासी हरिकेश (45) अपने बेटे अंकुल (22) और ससुर गया प्रसाद (59) के साथ हरिहरपुर जमरखा से वापस घर लौट रहे थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीछे से आ रहे डंपर चालक ने तेजी में ओवरटेक करने की कोशिश की और नियंत्रण खो बैठा। बाइक को टक्कर मारते ही तीनों सड़क पर जा गिरे और भारी वाहन उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की आंखों के सामने तीनों ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उधर, जैसे ही यह खबर गांव पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। एक ही परिवार के तीन लोगों की असमय मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा है। परिवार जनों का रो-रो कर बुरा हाल है गांव की गलियों में सन्नाटा और हर आंख नम दिखाई दी। कमलापुर थाना अध्यक्ष इतुल चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शवों को भेज दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से डंपर चालक की तलाश की जा रही है।