16 Apr 2026
गाजियाबाद, 16 अप्रैल (हि.स.)। जनपद गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव की झुग्गी बस्ती में गुरुवार दोपहर को अचानक भीषण आग लगने से 150 से अधिक झुग्गियां जल गईं। आग लगने के दाैरान छह बच्चों के लापता होने की खबर है, लेकिन आधिकारिक ताैर पर अभी कुछ नहीं बताया गय है। दमकल विभाग की कई टीमें आग पर काबू करने में जुटी हैं।
बताया गया कि आज दाेपहर काे कनवानी गांव में स्थित झुग्गियाें में अचानक आग लग गई। जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि उसकी लपटें काफी दूर से देखी जा रही थीं। आग लगने की वजह से झुग्गियों में रखे रसोई गैस सिलिंडराें के एक-एक करके फटने के धमाकों की आवाज से पूरा क्षेत्र दहल उठा और लोगों में दहशत फैल गई। आग लगने की अफरा तफरी के बीच छह बच्चों के लापता होने की बात सामने आ रही है। हालांकि कि जिला प्रशासन ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल और दमकल विभाग की कई टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। आग पर काबू पाने के लिए दर्जनों दमकल की गाड़ियां लगाई गई हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि यह जानकारी सामने आ रहा है कि कबाड़ के गोदाम में आग लगी थी, जिसके बाद यह झुग्गियों में फैलती चली गई।
आग लगने की सूचना पर डीएम, एसीपी, सीएफओ, सीएमओ समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस और दमकल की टीमों ने युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया। आग बुझाने के लिए लगातार पानी की बौछारें की गई। करीब एक दर्जन से अधिक वाटर टेंडर आग बुझाने में लगे। स्थानीय निवासियों ने भी अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने में मदद की। डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि आग को बुझाया जा चुका है, लेकिन अभी भी काम चल रहा है। कूलिंग कार्य के बाद कॉम्बिंग की जाएगी।
गाज़ियाबाद के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदाड़ ने बताया कि इंदिरापुरम थाना इलाके में कनावनी गांव में लगभग 150 झुग्गियां हैं। यहां कबाड़ का गोदाम भी था। दर्जनभर दमकल की गाड़ियाें ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझा दी गई है। उन्हाेंने कहा कि अगर किसी के लापता होने की कोई शिकायत आती है, तो हम उसकी भी जांच करेंगे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर एम्बुलेंस बुलाई है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। अब तक, किसी के लापता होने या किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है।
सैकड़ों परिवार बेघर इस भीषण अग्निकांड से सैकड़ों परिवारों का आशियाना उजड़ गया है। उनके पास खाने-पीने और रहने का कोई साधन नहीं बचा है। आग से हुए भारी नुकसान का आकलन किया जाएगा। झुग्गी बस्ती में लगी आग के दौरान बड़ी संख्या में निवासी अपने काम पर गए हुए थे। इस दौरान कई परिवारों के छोटे बच्चे झुग्गियों में ही मौजूद थे। अचानक फैली आग की वजह से लोगों को भागने का या सामान व परिवार वालों को बचाने का समय नहीं मिला। लोगों ने बताया कि उनके बच्चे आग लगने के बाद से लापता हैं।