08 Mar 2026
पश्चिमी सिंहभूम, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच की चाईबासा जागृति शाखा की ओर से सदर थाना में कार्यरत महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सदर थाना परिसर में किया गया, जहां मंच के सदस्यों ने महिला पुलिसकर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान जागृति शाखा की ओर से महिला पुलिसकर्मियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शाखा की अध्यक्ष चंदा अग्रवाल ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने का कार्य ही नहीं करतीं, बल्कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और विश्वास को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और साहस के साथ निभा रही हैं, जो समाज की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग में रहकर महिलाएं जिस समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही हैं, वह अत्यंत सराहनीय है। समाज में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान सदर थाना के अधिकारियों ने भी इस पहल के लिए मंच का आभार जताया और कहा कि ऐसे आयोजनों से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है। इस अवसर पर जागृति शाखा की अध्यक्ष चंदा अग्रवाल, नीतू टिबरेवाल, मधु अग्रवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे और सभी महिला पुलिसकर्मियों को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।