31 Jan 2026
अररिया 31 जनवरी(हि.स.)।अररिया सदर अस्पताल में पदस्थापित जनरल सर्जन डॉ. जितेंद्र प्रसाद और उनकी पत्नी की शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में मौत हो गयी। यह हादसा वैशाली ज़िले के सराय थाना क्षेत्र के पास उस समय हुआ, जब वे कार से यात्रा कर रहे थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। डॉ. जितेंद्र प्रसाद अररिया जिला अस्पताल में एक अनुभवी और कर्मठ सर्जन के रूप में जाने जाते थे। वे अपने सरल स्वभाव, कुशल चिकित्सा सेवा और मरीजों के प्रति समर्पण के लिए खास पहचान रखते थे।हाल ही में स्वास्थ्य सेवाएं उल्लेखनीय योगदान को लेकर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की ओर से उन्हें सम्मानित भी किया गया था। उनके आकस्मिक निधन से अररिया के चिकित्सा जगत में शोक की लहर है। जिला अस्पताल के डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और कर्मचारियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भी उनके निधन पर संवेदना प्रकट की है। इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिजन में कोहराम मचा हुआ है। पूरा जिला इस दुखद समाचार से स्तब्ध है।