12 Feb 2026
नई दिल्ली, 12 फ़रवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। केरल के तिरुवनंतपुरम नगर निगम के नव-निर्वाचित भाजपा पार्षदों तथा केरल के अन्य स्थानीय निकायों में पार्टी के करीब 120 सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को संसद भवन पहुंचा। तीन दिवसीय प्रशासनिक और सुशासन कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल में नगर पालिका अध्यक्ष, ग्राम पंचायत अध्यक्ष और संसदीय दल के नेता शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में चार विशेष प्रशिक्षण सत्रों में भाग लेगा। तिरुवनंतपुरम के मेयर वी. वी. राजेश ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय आवास मंत्री मनोहर लाल खट्टर और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की है। उन्होंने कहा कि इस दौरे के दौरान राज्य के विकास कार्यों, केंद्र के सहयोग और विभिन्न योजनाओं के बेहतर समन्वय पर विस्तृत चर्चा की जा रही है। पार्षद दिलीप ने बताया कि केरल से आए 120 जनता के प्रतिनिधियों ने संसद के बजट सत्र को देखा। अब प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात भी करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे पहले कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की है औऱ उनसे मार्ग दर्शन प्राप्त हो रहा है।